भारत में कोरोनावायरस (Coronavirus) का कहर बढ़ता ही जा रहा है. देश में Covid-19 से मरने वाले लोगों की संख्या 775 हो गई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) की ओर से शनिवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोनावायरस से अब तक 775 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 24,506 हो गई है. वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1429 नए मामले सामने आए हैं और 57 लोगों की मौत हुई है.
24 घन्टे में अब तक सबसे ज्यादा मौत के मामले सामने आए हैं. जहां एक ओर वायरस से लगातार नए मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है और मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है वहीं राहत वाली बात यह है कि इस बीमारी से अब तक मरीज 5,063 ठीक को चुके हैं. मरीजों में सुधार की दर (रिकवरी रेट) 20.66 फीसदी है.
बता दें कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देशभर में लॉकडाउन (Lockdown) लगाया गया. यह लॉकडाउन 3 मई तक जारी रहेगा ..
गृह मंत्रालय ने जारी किया दुकानें खोलने का आदेश
गृह मंत्रालय ने शुक्रवार शाम को जारी किए अपने एक आदेश में कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जरूरी सावधानियों का ध्यान रखते हुए 50 प्रतिशत कार्यबल के साथ दुकान और प्रतिष्ठान खोले जा सकते हैं.
गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दुकान एवं प्रतिष्ठान अधिनियम के तहत पंजिकृत दुकानों को 50 फीसदी कार्यबल के साथ खोले जाने की अनुमति दी. साथ ही कहा कि ऐसे प्रतिष्ठानों को सोशल डिस्टेंसिंग जैसी सावधानियों का पालन करना होगा. साथ ही MHA की तरफ से कहा गया है कि यह आदेश कंटेनमेंट जोन में लागू नहीं होगा. साथ ही मल्टी ब्रांड मॉल सहित अन्य बड़े प्रतिष्ठानों को भी खोलने की अनुमति नहीं दी गयी है.
