मुम्बई आतंकी हमले के सरगना हाफिज सईद और 1993 के मुम्बई श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट मामले में वांछित दाऊद इब्राहिम को भारत में पकड़ कर लाने के कई तरह के राजनीतिक दावे बार-बार होते रहते हैं और इन मुद्दों पर वोट तक मांगे जाते हैं। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के विदेश मंत्रालय के प्रत्यर्पण प्रकोष्ठ के सीपीवी खंड से एक चौकाने वाली जानकारी मिली है मिली है की इन दोनों के बारे में देश में इन मामलों की जांच कर रही जांच एजंसियों से अभी तक कोई आग्रह नहीं प्राप्त हुआ है ।
मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘‘विदेश मंत्रालय को हाफिज सईद और दाऊद इब्राहिम के प्रत्यर्पण या भारत लाने के बारे में भारत की संबंधित जांच एजेंसियों से कोई आग्रह प्राप्त नहीं हुआ है। ’’
सूचना के अधिकार के तहत ‘पीटीआई’ ने विदेश मंत्रालय से पूछा था कि मुम्बई आतंकी हमले के सरगना हाफिज सईद और 1993 के मुम्बई श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट मामले में वांछित दाऊद इब्राहिम के प्रत्यर्पण या भारत लाने के बारे क्या कार्रवाई की गई है।
उल्लेखनीय है कि दाऊद इब्राहिम पर 1993 के श्रृंखलबद्ध बम विस्फोट का साजिशकर्ता होने का आरोप है। मुम्बई में 12 मार्च 2013 को इन धमाकों में करीब 260 लोग मारे गए थे और काफी लोग घायल हो गए थे। दाऊद इस घटना के बाद देश छोड़कर फरार हो गया था और समझा जाता है कि वह अभी पाकिस्तान में है।
कुख्यात आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा के सरगना रहे हाफिज सईद पर 2008 के मुम्बई आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप है। समुद्र के रास्ते पाकिस्तान से आए आतंकवादियों के एक समूह द्वारा मुम्बई पर किये गए इस जघन्य आतंकी हमले में 166 लोग मारे गए थे।
बहरहाल, इस बारे में एक सवाल के जवाब में इसी साल अप्रैल में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि इसमें कोई शक नहीं है कि वह अभी भी कराची में हैं। पिछले 10 वर्षो में भारत ने दाऊद के बारे में पाकिस्तान को कई डोजियर भेजे हैं। वह मुम्बई श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट समेत 31 मामलों में आरोपी है।
इससे पहले पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के दौरान मई 2011 में तत्कालीन गृह मंत्री पी चिदंबरम ने भी कहा था कि 1993 के मुम्बई श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी दाऊद इब्राहिम कराची में रहता है और ज्यादा समय वहीं व्यतीत करता है। चिदंबरम ने कहा था कि भारत 2008 के मुम्बई आतंकी हमले को अंजाम देने वालों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने के लिए दबाव बनाना जारी रखेगा।